खबरें आपकी LIVE देवरिया
- ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनीं साक्षी दूबे, मिशन शक्ति से बालिकाओं को मिला नया आत्मविश्वास
देवरिया, 23 अप्रैल। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम ने बालिकाओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी।
इस विशेष पहल के अंतर्गत चयनित छात्रा साक्षी दूबे को एक दिन के लिए जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। साक्षी ने जिलाधिकारी कार्यालय में बैठकर प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से समझा और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की और निर्णय प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया।
कार्यक्रम दिव्या मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में समाज और राष्ट्र निर्माण में सशक्त भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “लगन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।” उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं में प्रशासनिक कार्यों को लेकर गहरी जिज्ञासा और उत्साह देखने को मिला। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।