देवरिया। फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, शाखा देवरिया के बैनर तले जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं द्वारा 08 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे शहीद स्मारक, सिविल लाइन्स रोड, देवरिया पर एकत्र होकर जिलाधिकारी को पाँच सूत्रीय मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संगठन के जिला अध्यक्ष विश्वजीत मणि ने सभी कोटेदार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन कोटेदारों के सम्मान, अधिकार और आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से ₹200 प्रति क्विंटल कमीशन लागू करने, मासिक वितरण के तुरंत बाद कमीशन का भुगतान सुनिश्चित करने, झूठी IGRS शिकायतों पर कार्रवाई, जर्जर अन्नपूर्णा भवनों की जांच तथा राशन वितरण का समय पूर्ववत प्रातः 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक करने सहित पाँच प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखी जाएंगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा,
> “यह केवल कमीशन की लड़ाई नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों उचित दर विक्रेताओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। मैं देवरिया जनपद के सभी कोटेदार साथियों से आग्रह करता हूं कि 08 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय दें। जब संगठन मजबूत होगा, तभी हमारी मांगें प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचेंगी और उनका समाधान होगा।”
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला अध्यक्ष विश्वजीत मणि जी ने संगठन के पदाधिकारियों और सभी उचित दर विक्रेताओं से समय पर उपस्थित होकर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से ज्ञापन कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
✍️ खबरें आपकी लाइव
देवरिया