मेहरौना में सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
स्टॉक पंजिका अद्यतन न मिलने पर जताई नाराजगी, कोटेदार को दिए निर्देश
निर्धारित मात्रा एवं समय पर करें खाद्यान्न वितरण : जिलाधिकारी
देवरिया, 30 जून। जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को मेहरौना स्थित सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक पंजिका का अवलोकन किया तथा उपस्थित उपभोक्ताओं से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजिका अद्यतन नहीं पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कोटेदार को निर्देश दिया कि स्टॉक पंजिका नियमित रूप से अद्यतन रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में एवं निर्धारित समय पर खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुकान पर उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की भी जांच की। उन्होंने गेहूं के एक बोरे का वजन कराकर सत्यापन कराया, जो निर्धारित मानक के अनुरूप सही पाया गया।
उपस्थित उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी को बताया कि उन्हें निर्धारित मात्रा में तथा समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
— खबरें आपकी लाइव